CG News: दुर्ग में हेड कॉन्स्टेबल पर मारपीट का आरोप, VIDEO वायरल
CG News: दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता जया गाड़े का आरोप है कि एडवांस के 50 हजार रुपए वापस मांगने पर विवाद हुआ और मौके पर पहुंची महिला हेड कॉन्स्टेबल लता सुमन साहू ने उसे थप्पड़ मारा और बाल पकड़कर घसीटा।
मां के साथ भी मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, उसकी मां ने बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया, महिला ने आरोप लगाया कि उसके पेट का ऑपरेशन हुआ था, बावजूद इसके उसी जगह पर लात मारी गई। साथ ही कपड़े फाड़ने और मोबाइल तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस पर पक्षपात के आरोप
पीड़िता ने थाना प्रभारी नवीन राजपूत पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया, महिला का कहना है कि उसे थाने में भी प्रताड़ित किया गया और कस्टडी के दौरान बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दी गईं।
SSP से की शिकायत
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।