CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 का किया शुभारंभ

CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 का किया शुभारंभ

Raipur News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 का औपचारिक शुभारंभ किया। यह आयोजन रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर के तत्वावधान में किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्यमियों और उद्योग जगत की भूमिका निर्णायक होगी।

व्यापार और उद्योग को प्राथमिकता दे रही सरकार

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार समावेशी विकास के स्पष्ट विजन के साथ आगे बढ़ रही है, जिसमें व्यापार, उद्योग और रोजगार सृजन को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि जीएसटी दरों में कटौती और प्रक्रियाओं के सरलीकरण से व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है, वहीं उपभोक्ताओं को भी इसका सीधा लाभ मिला है। जीएसटी सुधारों के कारण कई उत्पादों की कीमतों में कमी आई है, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बना है।

नई उद्योग नीति से निवेश को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को देश और विदेश में व्यापक सराहना मिल रही है। अब तक राज्य को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में निवेश के साथ ही कई परियोजनाएं जमीनी स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है, इसी कारण एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन प्रावधान किए गए हैं।

सामाजिक संस्थाओं की भूमिका भी अहम

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य के विकास में सामाजिक संगठनों का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। रोटरी क्लब जैसी संस्थाएं न केवल उद्यमिता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन करती हैं।
उन्होंने बताया कि यह एक्सपो मध्य भारत का सबसे बड़ा ट्रेड एंड बिल्ड फेयर है, जिसमें 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां उद्योग, व्यापार और निर्माण क्षेत्र से जुड़ी नवीन तकनीकों और संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया है, जिससे राज्य की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बयान

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव राज्य की उद्योग-अनुकूल नीतियों का प्रमाण हैं। सांसद ने बताया कि रोटरी क्लब द्वारा आयोजित यह आयोजन अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और क्लब का सामाजिक योगदान, विशेषकर पोलियो उन्मूलन अभियान, सराहनीय रहा है।

महिला उद्यमियों का सम्मान, मोबाइल आई क्लीनिक का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने मोबाइल आई क्लीनिक एम्बुलेंस का लोकार्पण किया।
इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 25 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया और महिला उद्यमिता पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यजन

इस अवसर पर पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, राम गर्ग, रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर के पदाधिकारी, सदस्यगण और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : Rover-Ranger Jamboree से पहले BJP में टकराव, स्काउट-गाइड अध्यक्ष पद पर घमासान तेज

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

panel21.com - panel21 Resources and Information.