CG News : शिवनाथ नदी में गिरी तेज रफ्तार कार, बैंक कर्मचारी की मौके पर मौत – टायर फटने से हादसा
CG news : छत्तीसगढ़ के सिमगा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार कार शिवनाथ नदी में गिर गई, जिससे कार चला रहे बैंक कर्मचारी अमित कोल (33) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के गौरीघाट क्षेत्र का रहने वाला था और बेमेतरा की बैंक ऑफ इंडिया शाखा में पदस्थ था।
बैंक कर्मचारी की मौके पर मौत
हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब अमित कोल बलौदाबाजार में अपने मामा के घर से नाश्ता कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि पुराने पुल पर कार का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरा।
स्थानीय लोगों की मदद से अमित को गाड़ी से बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति कार में मौजूद तो नहीं था।
टायर फटने से हुआ दर्दनाक एक्सीडेंट
सिमगा पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयान जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में टायर फटना हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
यह हादसा फिर एक बार तेज रफ्तार और वाहन सुरक्षा के प्रति लापरवाही की ओर इशारा करता है। प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।