CG News: 24 घंटे से बंद रायपुर-गरियाबंद मार्ग, त्रिवेणी संगम में बढ़ा जलस्तर
CG News: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब आम जनजीवन पर दिखाई देने लगा है, गरियाबंद जिले में भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ है.

NH-130C पर थमा यातायात
गरियाबंद में पैरी नदी के उफान पर आने से पंटोरा के पास नेशनल हाईवे-130C पर पानी भर गया है, जिसके चलते रायपुर-गरियाबंद मार्ग पिछले 24 घंटे से बंद है, बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई है.
प्रशासन ने रोका वाहनों का आवागमन
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे पर बैरिकेड्स लगाकर यातायात रोक दिया है, लोगों से अपील की गई है कि जलस्तर कम होने तक इस मार्ग का उपयोग न करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
त्रिवेणी संगम में बढ़ा पानी
बारिश के चलते गरियाबंद का प्रसिद्ध त्रिवेणी संगम भी जलमग्न होने लगा है, पैरी, सोंढूर और महानदी के बढ़ते जलस्तर से भगवान कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर चारों ओर से पानी से घिर गया है.
श्रावण में दिखा आस्था का दृश्य
श्रावण मास के पहले दिन संगम क्षेत्र में पानी बढ़ने से मंदिर परिसर का दृश्य श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है, लोग इसे प्रकृति और आस्था के अद्भुत संगम के रूप में देख रहे हैं, पिछले 48 घंटों से लगातार बारिश के कारण जिले की नदियां उफान पर हैं, प्रशासन लगातार जलस्तर और हालात पर नजर बनाए हुए है, वहीं लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.