CG News: विधायक रामकुमार टोप्पो को जाति प्रमाण पत्र मामले में राहत, जांच समिति ने दी क्लीन चिट
CG News: छत्तीसगढ़ के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामकुमार टोप्पो को जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले में बड़ी राहत मिली है, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान उठे विवाद की जांच के बाद समिति ने उन्हें क्लीन चिट दे दी है.

जांच समिति ने पूरी की पड़ताल
हाई कोर्ट के निर्देश पर रायगढ़ जिला प्रशासन ने जांच समिति का गठन किया था, करीब ढाई साल तक चली जांच में समिति ने शिकायत से जुड़े दस्तावेजों और सभी पक्षों की जानकारी का परीक्षण किया, जिसके बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की.
आरोपों के समर्थन में नहीं मिले सबूत
जांच रिपोर्ट में बताया गया कि शिकायतकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेज या प्रमाणिक साक्ष्य नहीं मिले, इसी आधार पर समिति ने शिकायत को निराधार मानते हुए मामले का निराकरण कर दिया.
विधायक ने जांच में सहयोग की बात कही
रिपोर्ट आने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि उन्होंने पूरी जांच प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग किया, उन्हें विश्वास था कि जांच के बाद वास्तविक तथ्य सामने आएंगे और उनका जाति प्रमाण पत्र सही साबित होगा.
समर्थकों में खुशी का माहौल
जांच समिति की क्लीन चिट के बाद विधायक के समर्थकों में खुशी देखी जा रही है, समर्थकों का कहना है कि शिकायत राजनीतिक कारणों से की गई थी, हालांकि आगे कोई चुनौती दी जाती है तो मामला न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ेगा.