CG News : रायपुर में शुरू हुआ छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र, एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने किया उद्घाटन

CG News : रायपुर में शुरू हुआ छत्तीसगढ़ का पहला अंतरिक्ष केंद्र, एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला ने किया उद्घाटन

नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र की शुरुआत हो गई है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला ने छात्रों से संवाद किया और अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। बच्चों में उन्हें देखने और सुनने को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया।

मुख्यमंत्री साय बोले – बच्चों के सपनों को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और तकनीक के नए अवसर खोलेगा। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ के बच्चे स्पेस साइंस को केवल किताबों में नहीं, बल्कि प्रयोगों के जरिए समझ पाएंगे और भविष्य में इस क्षेत्र में करियर बना सकेंगे।

सैटेलाइट से लेकर कंट्रोल सेंटर तक की ट्रेनिंग

नवा रायपुर में स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र आधुनिक तकनीक से लैस है।
यहां छात्रों को-

  • सैटेलाइट डिजाइन और असेंबली

  • तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया

  • ग्राउंड स्टेशन का संचालन

  • सैटेलाइट ट्रैकिंग और कंट्रोल सिस्टम

जैसी बारीक जानकारियां व्यावहारिक रूप से सिखाई जाएंगी। इसके लिए विशेष लैब, कंट्रोल रूम और ग्राउंड स्टेशन तैयार किए गए हैं।

‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ से मिलेगा वैज्ञानिक मंच

यह पहल जिला प्रशासन रायपुर और IDYM फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई है, जिसे “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” नाम दिया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना और उन्हें अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ना है।

कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

शुभांशु शुक्ला: भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री

शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा की थी। उन्होंने 25 जून 2025 को उड़ान भरी और करीब 20 दिन अंतरिक्ष में बिताने के बाद 14 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे।

वे विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं।

अंतरिक्ष में किए 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग

ISS पर रहते हुए शुभांशु शुक्ला ने-

  • जैवचिकित्सा विज्ञान

  • न्यूरो साइंस

  • कृषि अनुसंधान

  • उन्नत सामग्री विज्ञान

  • स्पेस टेक्नोलॉजी

जैसे क्षेत्रों में 60 से ज्यादा प्रयोग सफलतापूर्वक किए।

लखनऊ से अंतरिक्ष तक का सफर

उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला ने 12वीं के बाद NDA परीक्षा पास की और वहीं से स्नातक की पढ़ाई की। वे वर्ष 2006 में भारतीय वायुसेना में शामिल हुए और 2019 में गगनयान मिशन के लिए अंतरिक्ष यात्री के रूप में चयनित हुए।

यह भी पढ़ें : CG News : छत्तीसगढ़ में शराब खरीदना पड़ेगा भारी, नए वित्तीय वर्ष से बढ़ेगा खर्च

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *