CG News: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, अगले 3 दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक गिरने के आसार
CG News: छत्तीसगढ़ में इन दिनों ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, सुबह और शाम के समय कड़ाके की सर्दी से लोग परेशान हैं, मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है.
अगले कुछ दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग ने बताया है कि, सोमवार सहित आगामी दिनों में प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहेगा, इस दौरान किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है.

पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा इलाका
पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो पेंड्रा रोड में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं दुर्ग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
मौसम विभाग की सावधानी बरतने की सलाह
ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनने, ठंडी हवाओं से बचने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से परहेज करने की हिदायत दी गई है.
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, तापमान में गिरावट के चलते अगले कुछ दिनों में ठिठुरन और बढ़ सकती है, ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है, मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई है, मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहा.