CG News: अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी, रोज सैकड़ों लोग पहुंच रहे भीतर
सरगुजा जिले की एसईसीएल (SECL) की अमेरा कोयला खदान से बड़े स्तर पर कोयला चोरी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष खदान के अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन करीब 300 से अधिक लोग खदान क्षेत्र में प्रवेश कर बोरी में कोयला भरकर बाहर ले जा रहे हैं। अनुमान है कि रोजाना लगभग 100 टन कोयला इस तरह निकाला जा रहा है।
यह पूरा मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है।
सुरक्षा कर्मियों पर हमले, कार्रवाई में मुश्किल
सूत्रों के अनुसार, जब भी सुरक्षाकर्मियों ने चोरी रोकने की कोशिश की, उनके साथ मारपीट की घटनाएं हुईं। इसी वजह से सुरक्षा स्टाफ खुद को असहाय महसूस कर रहा है। लगातार हो रही चोरी से कंपनी को हर दिन लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
ग्रामीण खदान के फेस तक पहुंचकर कोयला इकट्ठा करते हैं और उसे बोरे में भरकर बाहर लाते हैं। बाहर साइकिल और मोटरसाइकिल के जरिए इसे गांवों तक पहुंचाया जाता है। जानकारी यह भी है कि चोरी किया गया कोयला स्थानीय ईंट-भट्ठों में बेचा जाता है, जबकि कुछ हिस्सा अन्य क्षेत्रों में भी खपाया जा रहा है।
कंपनी ने पुलिस से मांगी मदद
एसईसीएल विश्रामपुर के महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण जबरन खदान क्षेत्र में घुसकर कोयला निकाल रहे हैं। रोकने पर सुरक्षाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती है। इस संबंध में सरगुजा पुलिस अधीक्षक से चर्चा की गई है और कार्रवाई का आश्वासन मिला है। ग्रामीणों को समझाइश दी गई है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
फिर से चलेगा विशेष अभियान
सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। पूर्व में भी अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी। अब दोबारा विशेष अभियान चलाकर कोयला चोरी पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।