CG News: बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में पकड़े 23 लोग, 18 भारतीय निकले, अब 5 की जांच जारी
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी इलाके में बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में पकड़े गए 23 लोगों में से 18 भारतीय नागरिक पाए गए हैं. मुर्शिदाबाद और संबंधित थाना क्षेत्रों से दस्तावेज और पहचान का सत्यापन होने के बाद इन 18 लोगों को रायपुर के होल्डिंग या डिटेंशन सेंटर से करीब 15 दिन बाद रिहा कर दिया गया.
बाकी 5 लोगों के दस्तावेजों की जांच
अब पुलिस का फोकस बचे हुए 5 लोगों पर है. इनके दस्तावेजों और पहचान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. पुलिस ने अतिरिक्त दस्तावेज भी मंगाए हैं. कुछ दस्तावेजों में कमियां सामने आने की बात कही गई है, जबकि कुछ लोगों के नाम SIR से हटाए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है. सत्यापन पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
दो महीने तक चला था सत्यापन अभियान
दरअसल, सिरगिट्टी इलाके में संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए स्पेशल टास्क फोर्स बनाई गई थी. पुलिस के मुताबिक, करीब दो महीने तक चले अभियान में 1162 लोगों की जांच की गई. इसी दौरान 23 लोगों के दस्तावेज और पहचान संबंधी जानकारी संदिग्ध मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, जंगीपुर और संबंधित थाना क्षेत्रों में जाकर बताए गए पते और दस्तावेजों का सत्यापन कराया.
दस्तावेजों में पिता की जगह ससुर का नाम
शुरुआती जांच में कुछ लोगों के दस्तावेजों को लेकर पुलिस के सामने सवाल खड़े हुए थे. बताया गया कि कुछ दस्तावेजों में पिता की जगह ससुर का नाम दर्ज था. इसके अलावा मूल निवास और पहचान से जुड़े कागजात में भी कुछ कमियां मिली थीं. इन्हीं आधार पर पुलिस ने इन लोगों को संदिग्ध मानकर आगे की जांच शुरू की थी.
अलग-अलग छोटे काम करते थे लोग
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि इनमें से कई लोग सिरगिट्टी इलाके में रहकर अलग-अलग छोटे-मोटे काम करते थे. कुछ लोग बाल के बदले बर्तन देने का काम करते थे, जबकि कुछ टेंट और पंडाल लगाने से जुड़े थे. अब 18 लोगों के भारतीय नागरिक होने की पुष्टि के बाद जांच का पूरा फोकस बचे हुए 5 लोगों के दस्तावेजों पर है. इनके अतिरिक्त रिकॉर्ड और स्थानीय जानकारी का सत्यापन होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.