CG News: 55 साल पुरानी बिल्डिंग में पढ़ रहे 5000 छात्र, PWD ने बताया खतरनाक फिर भी जारी है क्लास
CG News: सरगुजा संभाग के सबसे बड़े शासकीय राजीव गांधी पीजी कॉलेज में करीब 5000 छात्र जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं, करीब 55 साल पुरानी इमारत को लोक निर्माण विभाग यानी PWD ने असुरक्षित बताते हुए एक हिस्से को तोड़ने का आदेश दिया था, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी न तो भवन हटाया गया और न ही नए निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकी है.

छात्रों की सुरक्षा पर सवाल
PWD के इंजीनियरों ने भवन की स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था, लेकिन उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिस इमारत को विभाग ने खतरे वाला बताया है, उसी में आज भी नियमित कक्षाएं संचालित हो रही हैं.
लॉ विभाग में सबसे ज्यादा परेशानी
कॉलेज के विधि विभाग यानी LLB की स्थिति बेहद खराब है, यहां करीब 240 छात्र पढ़ाई करते हैं, बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है और कई जगहों से प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, छात्रों का कहना है कि ऐसी हालत में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
45 की जगह सिर्फ 22 कमरे उपलब्ध
कॉलेज के प्राचार्य अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि कॉलेज के बेहतर संचालन के लिए 45 कमरों की जरूरत है, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 22 कमरे उपलब्ध हैं, कमरों की कमी और खराब भवन व्यवस्था के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
लापरवाही का असर छात्रों के भविष्य पर
कॉलेज में शिक्षकों की कमी और आधारभूत सुविधाओं के अभाव का असर अब शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ रहा है, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने LLB की 240 सीटों को घटाकर 120 कर दिया है, जबकि हर साल बड़ी संख्या में छात्र प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं, छात्रों का कहना है कि प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द जर्जर भवन हटाकर नया निर्माण शुरू करना चाहिए.