CG News: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और 60 KM की रफ्तार से हवा
CG News: छत्तीसगढ़ में दो दिन तक मौसम साफ रहने के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. मौसम में आए बदलाव के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बस्तर में सभी स्कूल बंद
लगातार बारिश को देखते हुए बस्तर जिले में प्रशासन ने सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. लगातार बारिश के बीच एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं.
कई जिलों में 40 से 60 KM की हवा
मौसम विभाग के अनुसार नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, बिलासपुर और मुंगेली समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
बिजली गिरने के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को पेड़, बिजली के खंभों, खुले मैदान और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. तेज हवा के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने को कहा गया है, क्योंकि इस दौरान पेड़ की शाखाएं टूटकर गिरने और हल्की वस्तुओं के उड़ने का खतरा बना रहता है.
किसानों के लिए भी एडवाइजरी
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी सावधानी बरतने की सलाह जारी की है. गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खेतों में काम करने से बचने को कहा गया है. किसानों को अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने और बिजली के खंभों व तारों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. साथ ही पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की गई है.
One thought on “CG News: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और 60 KM की रफ्तार से हवा”