CG News: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’, जिला मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन
CG News: छत्तीसगढ़ में बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है. पार्टी अब महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह की तर्ज पर ‘चीनी सत्याग्रह’ करने जा रही है. कांग्रेस के आह्वान पर आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कार्यकर्ता जुटेंगे और महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे.
शक्कर की कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना
कांग्रेस का आरोप है कि चीनी समेत राशन की कई जरूरी चीजों के महंगे होने से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है. पार्टी बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है. प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता शक्कर के दाम बढ़ने और बाजार में इसकी उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी अपना विरोध दर्ज कराएंगे.
महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने जुटेंगे नेता
‘चीनी सत्याग्रह’ के तहत रायपुर, बिलासपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने एकत्रित होंगे. यहां केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया जाएगा. राजधानी रायपुर में राजीव गांधी चौक पर कांग्रेस का कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है.
प्रदेश कांग्रेस ने जारी किया निर्देश
इस आंदोलन को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी संगठनात्मक इकाइयों को पत्र जारी किया गया है. पार्टी का कहना है कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब, मध्यमवर्गीय और श्रमिक परिवारों पर पड़ रहा है. दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ने के साथ चीनी की उपलब्धता और कीमतों को लेकर भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
संगठन के सभी स्तर के कार्यकर्ता होंगे शामिल
कांग्रेस ने प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर तक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. अग्रिम संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ, निर्वाचित प्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता भी आंदोलन में शामिल होंगे. कांग्रेस का कहना है कि ‘चीनी’ को प्रतीक बनाकर महंगाई के खिलाफ जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाया जाएगा.
यह भी पढ़ें : CG News: लहपटरा टोल नाके पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले से जुड़ा विवाद, टोलकर्मी की पिटाई का वीडियो वायरल