CG News: लहपटरा टोल नाके पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले से जुड़ा विवाद, टोलकर्मी की पिटाई का वीडियो वायरल
CG News: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 स्थित लहपटरा टोल नाके पर देर रात विवाद की स्थिति बन गई. बताया जा रहा है कि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का काफिला टोल से गुजर रहा था. इसी दौरान एक वाहन के ऊपर बूम बैरियर गिर गया, जिसके बाद काफिले में मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई.
टोलकर्मी के साथ मारपीट का वीडियो वायरल
बूम बैरियर गिरने के बाद काफिले से जुड़े कुछ लोग वाहन से नीचे उतरे और टोल कर्मचारियों से घटना को लेकर पूछताछ की. आरोप है कि इसके बाद बैरियर संचालित करने वाले कर्मचारी के साथ मारपीट की गई और उसे कई थप्पड़ मारे गए. पूरी घटना टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा कर्मचारी
वायरल वीडियो में टोल कर्मचारी हाथ जोड़कर माफी मांगता हुआ नजर आ रहा है. इसके बावजूद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है. घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है. लहपटरा गांव के ग्रामीण टोलकर्मी के समर्थन में सामने आए हैं और मामले में उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
टोल कर्मचारियों ने थाने में दिया आवेदन
मारपीट की घटना के बाद पीड़ित टोलकर्मी अन्य कर्मचारियों और गांव के लोगों के साथ लखनपुर थाने पहुंचा. वहां मामले को लेकर शिकायत आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायत में घटना से जुड़े लोगों के खिलाफ जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस अब शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
मंत्री के काफिले से मामला जुड़ने के बाद बढ़ी चर्चा
घटना में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के काफिले का नाम सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. वहीं, बूम बैरियर गिरने की घटना को सुरक्षा व्यवस्था में चूक से भी जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे और उनकी भूमिका क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट का इंतजार है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में 1,360 पदों पर होगी भर्ती, युवाओं को रोजगार के साथ किसानों को बेहतर सेवाएं