CG News: छत्तीसगढ़ में 1,360 पदों पर होगी भर्ती, युवाओं को रोजगार के साथ किसानों को बेहतर सेवाएं
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है. सहकारिता विभाग ने पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दी है. इनमें जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधक के 1,162 पद शामिल हैं. समिति प्रबंधक के 596 पद सीधी भर्ती और 566 पद सीमित चयन से भरे जाएंगे.
युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को विभागीय समीक्षा बैठक में भर्ती प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे. उन्होंने बैंकों से प्राप्त प्रस्तावों का कर्मचारी सेवा नियमों, आरक्षण प्रावधानों और वित्तीय मानदंडों के अनुसार परीक्षण करने को कहा था. इसके बाद विभाग ने प्रस्तावों की समीक्षा कर भर्ती की अनुमति जारी की. मंत्री ने कहा कि नई नियुक्तियों से युवाओं को रोजगार मिलेगा और सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ किसानों और खाताधारकों को बैंकिंग सेवाएं अधिक सरलता से मिल सकेंगी.
पांच बैंक क्षेत्रों में होगी नियुक्ति
रायपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्र में सबसे ज्यादा 508 पदों पर भर्ती होगी. बिलासपुर क्षेत्र में 444, बस्तर-जगदलपुर में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ क्षेत्र में 67 पद स्वीकृत किए गए हैं. बैंक संवर्ग में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक जैसे पद शामिल हैं. इन नियुक्तियों से बैंकों के प्रशासनिक, तकनीकी और मैदानी कार्यों को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
नियमों के अनुसार होगी चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण प्रावधानों, स्वीकृत पदों और वित्तीय मानदंडों के अनुसार संचालित की जाएगी. भर्ती एवं चयन समिति में संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को अनिवार्य सदस्य बनाया जाएगा. चयन प्रक्रिया के दौरान नियमों का पालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि पूरी भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अनुमति याचिका के अंतिम आदेश के अधीन रहेगी.
किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को फायदा
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जहां किसानों को ऋण, खाद-बीज और विभिन्न सहकारी योजनाओं का लाभ मिलता है. समिति प्रबंधकों की नियुक्ति से समितियों के दैनिक संचालन, अभिलेखों के रखरखाव और वित्तीय प्रबंधन को मजबूती मिलने की उम्मीद है. साथ ही कम्प्यूटरीकरण और डिजिटल सेवाओं को भी गति मिलेगी. नए कर्मचारियों की नियुक्ति से ऋण प्रकरण, बैंकिंग लेन-देन और खाताधारकों से जुड़ी सेवाएं अधिक सुगम एवं समयबद्ध बनाने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे से बदलेगी कनेक्टिविटी, 5-6 घंटे में पूरा होगा सफर