CG News: बैकुंठपुर में रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री का खुलासा, 3.68 लाख के टिकट बरामद
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में रेलवे आरक्षित टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री का मामला सामने आया है. RPF की जांच में सीटी पीआरएस बैकुंठपुर में काम करने वाले नगर पालिका के संविदा कर्मचारी और उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति की कथित संलिप्तता सामने आई. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनके मोबाइल फोन की जांच में 60 तत्काल और सामान्य रेलवे आरक्षित टिकटों के स्क्रीनशॉट मिले, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 68 हजार 351 रुपये बताई गई है.
खाली टिकट पर हाथ से लिखा PNR
मामले की जांच वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के निर्देश पर अंबिकापुर RPF निरीक्षक सुनीता मिंज ने शुरू की. जांच में पता चला कि 1 अगस्त 2026 को सीटी पीआरएस बैकुंठपुर के काउंटर से जारी खाली टिकट पर पेन से PNR नंबर और दूसरी जानकारी हाथ से लिखी गई थी. यह टिकट इलाहाबाद जंक्शन में जांच के दौरान पकड़ा गया था. सिस्टम में PNR की जांच करने पर वह गलत पाया गया, जिसके बाद GRP जौनपुर में 5 अगस्त को मामला दर्ज किया गया.
संविदा कर्मचारी पर टिकट तैयार करने का आरोप
जांच में बैकुंठपुर निवासी संविदा कर्मचारी अविनाश कुमार की भूमिका सामने आई. आरोप है कि वह खाली टिकट पर हाथ से PNR और दूसरी जानकारी लिखकर टिकट तैयार करता था. इसके बाद उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले संजय कुमार विश्वकर्मा के जरिए इन टिकटों की कथित तौर पर अवैध खरीद-बिक्री की जाती थी. जांच के मुताबिक अविनाश को प्रति यात्री करीब 400 रुपये कमीशन मिलता था, जबकि संजय ग्राहकों से अधिक रकम लेकर प्रति यात्री 600 से 800 रुपये तक मुनाफा कमाता था.
WhatsApp चैट से सामने आई टिकटों की जानकारी
RPF की जांच में संजय कुमार के मोबाइल फोन से WhatsApp चैट भी मिली. इसमें 60 तत्काल और सामान्य रेलवे आरक्षित टिकटों की जानकारी सामने आई. इनमें 14 टिकट ऐसे थे, जिन पर PNR और अन्य विवरण हाथ से लिखे जाने की बात सामने आई है. जांच एजेंसी के अनुसार अविनाश इन टिकटों की जानकारी संजय को भेजता था और कथित तौर पर टिकट तैयार कर बस के जरिए बनारस भेजता था.
3.68 लाख के टिकटों पर कार्रवाई
जांच के दौरान दोनों आरोपियों से रेलवे आरक्षित टिकटों की खरीद-बिक्री के लिए वैध अधिकार पत्र मांगा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. RPF ने दोनों के मोबाइल से 60 टिकटों के स्क्रीनशॉट जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 68 हजार 351 रुपये बताई गई है. मामले में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 16 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 727/26 दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें : CG News: महासमुंद में पनीर फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, 300 किलो पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए