CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, 500 किलो प्रतिबंधित एनालॉग पनीर जब्त
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है, इसी अभियान के तहत रायपुर रेलवे स्टेशन पर विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 500 किलो प्रतिबंधित एनालॉग पनीर जब्त किया है.

प्रदेश के अलग अलग जिलों में सप्लाई की थी तैयारी
खाद्य विभाग को मिली सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की गई, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जब्त की गई पनीर की खेप छत्तीसगढ़ के अलग अलग जिलों में सप्लाई करने के लिए लाई गई थी, फिलहाल विभाग ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
प्रतिबंध के बावजूद हो रही थी सप्लाई
अधिकारियों के अनुसार छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर की बिक्री, भंडारण और वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद अवैध तरीके से इसकी सप्लाई की कोशिश की जा रही थी, विभाग अब इसके स्रोत और परिवहन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है.
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य विभाग ने बताया कि जब्त पनीर की जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं.
प्रदेशभर में जारी रहेगा विशेष जांच अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने साफ किया है कि प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान लगातार जारी रहेगा, आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध सप्लाई को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी.