CG News: छत्तीसगढ़ के 80 हजार शिक्षकों के लिए अहम खबर, 2028 तक TET पास नहीं किया तो नौकरी पर पड़ सकता है असर
CG News: छत्तीसगढ़ के प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में कार्यरत करीब 80 हजार शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. राज्य में 3 सितंबर 2001 से 23 अगस्त 2010 के बीच नियुक्त शिक्षकों को अब 31 अगस्त 2028 तक शिक्षक पात्रता परीक्षा, यानी TET, उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा. निर्धारित समय सीमा तक परीक्षा पास नहीं करने पर उनकी सेवा से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई की स्थिति बन सकती है.
सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी TET से छूट
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को भी TET से छूट नहीं मिलेगी. इस संबंध में दायर पुनर्विचार याचिका भी खारिज हो चुकी है. हालांकि शिक्षकों को राहत देते हुए TET पास करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2027 से बढ़ाकर 31 अगस्त 2028 कर दी गई है.
50 वर्ष से अधिक उम्र के शिक्षकों की बढ़ी चिंता
इस निर्णय से सबसे अधिक चिंता उन शिक्षकों की है, जिनकी उम्र 50 वर्ष से अधिक हो चुकी है. लंबे समय बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है. शिक्षक संगठनों का कहना है कि अनुभवी शिक्षकों के लिए इस प्रक्रिया को लेकर व्यावहारिक समाधान पर भी विचार किया जाना चाहिए.
कोंडागांव में सबसे ज्यादा, मुंगेली में सबसे कम शिक्षक
राज्य के आंकड़ों के अनुसार, इस नियम के दायरे में कुल 80,491 शिक्षक आते हैं. सबसे अधिक 5,334 शिक्षक कोंडागांव जिले में हैं, जबकि सबसे कम 245 शिक्षक मुंगेली जिले में शामिल हैं. इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, सरगुजा, रायगढ़, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, गरियाबंद और अन्य जिलों के हजारों शिक्षक भी इस सूची में शामिल हैं.
2028 की समय सीमा पर टिकी निगाहें
अब सभी संबंधित शिक्षकों की नजर 31 अगस्त 2028 की अंतिम समय सीमा पर है. शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों को लेकर आगे की तैयारियां जारी हैं. वहीं, शिक्षक संगठनों की ओर से भी इस विषय पर सरकार के समक्ष विभिन्न सुझाव रखे जा रहे हैं.