CG News: छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग को मजबूत करने की पहल, रायपुर कमिश्नरेट में 60 प्रशिक्षु SI की तैनाती
CG News: छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अकादमी से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 60 नए उपनिरीक्षकों (SI) को अब फील्ड ट्रेनिंग के लिए विभिन्न थानों में तैनात किया गया है।
60 नए SI को मिली जमीनी जिम्मेदारी
पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अब जमीनी स्तर पर पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगे। उन्हें अलग-अलग थानों में तैनात कर वास्तविक परिस्थितियों में काम करने का अनुभव दिया जाएगा।
15 सितंबर तक चलेगी फील्ड ट्रेनिंग
जारी निर्देशों के मुताबिक यह प्रशिक्षण 1 जून से 15 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को थाना संचालन, कानून व्यवस्था प्रबंधन और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न कार्यों में शामिल किया जाएगा।
पुलिसिंग के सभी पहलुओं का मिलेगा अनुभव
प्रशिक्षण के दौरान नए SI को पेट्रोलिंग, रात्रि गश्त, संतरी ड्यूटी, सिटी पेट्रोलिंग, मालखाना प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण, मुल्जिम पेशी और न्यायालयीन कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें जनता से संवाद और शिकायत निवारण की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।
अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन में काम
इन सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को अनुभवी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में रखा गया है। रायपुर कमिश्नरेट के कई प्रमुख थानों को प्रशिक्षण केंद्र के रूप मंा चयनित किया गया है, जहां उन्हें व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को खम्हारडीह, खमतराई, कबीर नगर, गोलबाजार, कोतवाली, सिविल लाइन, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, तेलीबांधा सहित कई थानों में तैनात किया गया है।
वास्तविक पुलिसिंग का मिलेगा अनुभव
पुलिस विभाग का मानना है कि यह फील्ड ट्रेनिंग नए अधिकारियों को वास्तविक परिस्थितियों में काम करने की क्षमता विकसित करने में मदद करेगी। इससे वे अपराध जांच, कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने में सक्षम बनेंगे, इस पहल को पुलिसिंग सिस्टम को और अधिक प्रभावी और व्यवहारिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में बेहतर पुलिस प्रशासन की उम्मीद जताई जा रही है।