CG News: 1.5 करोड़ की गैस चोरी मामले में खाद्य अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार, कंपनी मालिक फरार
CG News: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 1.5 करोड़ रुपए की एलपीजी गैस चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव और गौरव गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। वहीं ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स कंपनी के मालिक संतोष ठाकुर और सार्थक ठाकुर फरार बताए जा रहे हैं।
90 मीट्रिक टन LPG से भरे 6 कैप्सूल जब्त
दिसंबर 2025 में सिंघोड़ा थाना पुलिस ने 90 मीट्रिक टन एलपीजी गैस से भरे 6 कैप्सूल ट्रकों को जब्त किया था। कानूनी दस्तावेज नहीं होने के कारण गाड़ियों को थाने में खड़ा कर दिया गया था।
जांच में सामने आई बड़ी साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि खाद्य विभाग के अधिकारियों और एजेंसी संचालक ने मिलकर गैस से भरे कैप्सूल ट्रकों को अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स प्लांट भेज दिया। बाजार में इस गैस की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।
गैस बेचने की बनाई योजना
जांच में सामने आया कि प्लांट पहुंचने के बाद कैप्सूल ट्रकों का तुरंत वजन नहीं कराया गया। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने गैस को अवैध रूप से निकालकर बेचने की योजना बनाई, आरोपियों ने 8 दिनों के भीतर गैस को प्लांट के बुलेट टैंकों और निजी टैंकरों में भर दिया। इसके बाद रायपुर की अलग-अलग एजेंसियों और प्लांटों को बिना पक्के बिल के गैस सप्लाई की गई।
दस्तावेजों में बड़ा घोटाला
रिकॉर्ड जांच में पता चला कि कंपनी ने अप्रैल महीने में सिर्फ 47 टन गैस खरीदी थी, लेकिन कागजों में 107 टन गैस बेचने का रिकॉर्ड दिखाया गया। यानी करीब 60 टन गैस अवैध तरीके से बेची गई।
सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी के ऑफिस से बिना बिल वाले रजिस्टर और दस्तावेज गायब किए गए। आरोपियों ने सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने की भी कोशिश की, पुलिस ने अब तक 7 एलपीजी टैंकर, 4 बड़े बुलेट टैंक, 100 गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, DVR और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं, इस मामले का मुख्य आरोपी संतोष सिंह ठाकुर, अन्य डायरेक्टर और प्लांट मैनेजर फिलहाल फरार हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।