CG News: CBSE की नई पहल: वेरिफिकेशन के बाद भी नहीं बदले नंबर तो छात्र कर सकेंगे उत्तर पुस्तिका की जांच
CG News: सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षा परिणामों को लेकर छात्रों की शंकाओं को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब ऐसे विद्यार्थियों को अपनी उत्तर पुस्तिका की प्रत्यक्ष जांच करने का मौका मिलेगा, जिनके अंकों में वेरिफिकेशन के बाद भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। बोर्ड ने पहली बार इस तरह की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
वेरिफिकेशन के बाद मिलेगी सुविधा
सीबीएसई द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह सुविधा केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगी, जिन्होंने पहले अंकों के सत्यापन (वेरिफिकेशन) के लिए आवेदन किया था। यदि जांच के बाद उनके अंकों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है, तो वे संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर अपनी उत्तर पुस्तिका का भौतिक निरीक्षण कर सकेंगे, बोर्ड ने बताया है कि उत्तर पुस्तिका निरीक्षण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश, आवेदन प्रक्रिया और समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी। इसके बाद पात्र छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी कॉपी देख सकेंगे।
पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में कदम
अब तक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के पास अपनी उत्तर पुस्तिका दोबारा देखने का विकल्प नहीं होता था। नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने और अपनी शंकाओं का समाधान करने का अवसर मिलेगा, इस फैसले से विशेष रूप से उन छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें अपनी कॉपी जांच को लेकर संदेह रहता है। अब वे सीधे अपनी उत्तर पुस्तिका देखकर यह समझ सकेंगे कि मूल्यांकन किस प्रकार किया गया है।
री-इवैल्यूएशन परिणाम भी जारी
इस बीच सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन परिणाम जारी करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। बोर्ड के अनुसार प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक मामलों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष मामलों पर कार्य जारी है, विशेषज्ञों का मानना है कि इस नई व्यवस्था से परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और छात्रों का बोर्ड पर विश्वास और मजबूत होगा। यह पहल विद्यार्थियों को अधिक स्पष्टता और संतोष प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।