CG News: छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की मांग, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमित शाह से किया आग्रह
CG News: छत्तीसगढ़ को आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से महत्वपूर्ण मुलाकात की। नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास, जनकल्याण और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव रखा।
AIIA की सफलता का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को बताया कि नई दिल्ली और पणजी में संचालित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो चुके हैं। इन संस्थानों ने आधुनिक विज्ञान और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है और बड़ी संख्या में कुशल आयुर्वेद चिकित्सक तथा शोधकर्ता तैयार किए हैं।
औषधीय संपदा से समृद्ध है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय वनस्पतियों से समृद्ध राज्य है। प्रदेश के वन क्षेत्रों में अनेक दुर्लभ जड़ी-बूटियां और औषधीय पौधे पाए जाते हैं। साथ ही जनजातीय अंचलों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत मौजूद है। ऐसे में यहां AIIA की स्थापना आयुर्वेद चिकित्सा और अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में अध्ययन, अध्यापन और अनुसंधान के अवसर मिलेंगे। इससे आयुर्वेद आधारित चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा, मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संस्थान का लाभ केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा। मध्य भारत के अन्य राज्यों के नागरिकों को भी बेहतर आयुर्वेदिक उपचार और शोध सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय बजट का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026 में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा का हवाला देते हुए आग्रह किया कि इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को आवंटित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार, अनुसंधान और ज्ञान आधारित विकास को भी गति मिलेगी, बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी।
केंद्र से मिला सहयोग का भरोसा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्य को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया, इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने राज्य के विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।