CG News: छत्तीसगढ़ में नए सत्र की शुरुआत, 27 जून तक मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव
CG News: छत्तीसगढ़ में आज से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत हो गई है। राज्य के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में नियमित पढ़ाई फिर से शुरू हो गई है। इसके साथ ही प्रदेशभर में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन भी प्रारंभ किया गया है, जो 27 जून तक चलेगा।
30 जून को होगा मुख्य कार्यक्रम
शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम 30 जून को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री और कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें और साइकिलों का वितरण भी किया जाएगा।
स्कूलों में उत्सव जैसा माहौल
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में पहले दिन स्कूलों में बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को तिलक लगाकर और किताबें भेंट कर उनका अभिनंदन किया। लंबे अवकाश के बाद स्कूल लौटे बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ नजर आई।
धमतरी में भी दिखा उत्साह
धमतरी जिले के गोकुलपुर स्थित प्राथमिक शाला में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्सव के माहौल में हुई। सुबह 7:30 बजे राज्य गीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बच्चों का शिक्षकों ने तिलक लगाकर और चॉकलेट देकर स्वागत किया, जिससे माहौल और भी आनंदमय हो गया।
नन्हे छात्रों के लिए खास दिन
पहली बार स्कूल पहुंचे छोटे बच्चों के लिए यह दिन खास अनुभव लेकर आया। उन्होंने अपने शिक्षकों और नए सहपाठियों से परिचय किया और विद्यालय की गतिविधियों में भाग लिया। पूरे परिसर में उत्साह और चहल-पहल का माहौल देखने को मिला, शिक्षकों ने बताया कि गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ना एक चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
सर्वांगीण विकास पर जोर
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पूरे सत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया, नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूल परिसर एक बार फिर बच्चों की किलकारियों और रौनक से गुलजार हो गया है। पूरे प्रदेश में शिक्षा के नए सफर की शुरुआत उत्साह और सकारात्मक माहौल के साथ हुई है।