CG News: छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को नौकरी का झांसा देकर झारखंड में बंधक बनाने का आरोप, रेस्क्यू अभियान शुरू
CG News: झारखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर छत्तीसगढ़ की करीब 35 युवतियों को बंधक बनाए जाने का आरोप लगा है। इनमें दुर्गूकोंदल क्षेत्र की कई युवतियां भी शामिल बताई जा रही हैं।
बंधक बनाकर काम कराने का आरोप
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों से युवतियों को रोजगार का लालच देकर झारखंड ले जाया गया था। वहां पहुंचने के बाद उन्हें गढ़वा जिले में कथित रूप से बंधक बनाकर जबरन काम कराने और प्रताड़ित करने का आरोप है।
एक युवती की गुहार से खुला मामला
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम खुटगांव की एक युवती ने किसी तरह मोबाइल के जरिए अपने गांव के परिचित युवक को संदेश भेजकर मदद की गुहार लगाई। उसने बताया कि कई लड़कियां वहां फंसी हुई हैं और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं है।
प्रशासन और पुलिस हुई सक्रिय
सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया और मामला प्रशासन तक पहुंचा। इसके बाद झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।
सामाजिक कार्यकर्ता की पहल से मिला सुराग
सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी ने अपनी टीम के माध्यम से झारखंड में संपर्क स्थापित किया और पूरे मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाई। उनकी पहल के बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई तेज कर दी, फिलहाल सभी की निगाहें इन 35 युवतियों की सुरक्षित वापसी पर टिकी हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है ताकि सभी को सुरक्षित वापस लाया जा सके।