CG News: छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी, घरेलू और कमर्शियल उपभोक्ताओं पर असर
CG News: प्रदेश के 60 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को गर्मी शुरू होने से पहले बड़ा झटका लग सकता है। नए वित्तीय वर्ष के साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) के घाटे की भरपाई के लिए बिजली नियामक आयोग नई टैरिफ दरें घोषित करने वाला है।
कितनी बढ़ सकती हैं बिजली की दरें?
सूत्रों के अनुसार, आयोग घरेलू और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 20 से 25 पैसे तक की वृद्धि कर सकता है। पहले CSPDCL ने 24 प्रतिशत की भारी वृद्धि का प्रस्ताव रखा था, लेकिन जनसुनवाई और समीक्षा के बाद इसे 5 से 6 प्रतिशत तक सीमित रखने की संभावना है, पिछले साल भी औसत 13 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई थी।
उच्च और निम्न दाब कनेक्शन के लिए अलग रणनीति
इस बार नियामक आयोग उच्च दाब और निम्न दाब कनेक्शन के लिए अलग-अलग रणनीति अपना सकता है। औद्योगिक और उच्च दाब वाले उपभोक्ताओं पर बोझ कम रखने का प्रयास किया जाएगा, जबकि घरेलू और छोटे व्यवसायिक उपभोक्ताओं के टैरिफ में थोड़ी अधिक वृद्धि हो सकती है, गत वर्ष CSPDCL ने नियामक आयोग को 4550 करोड़ रुपए का नुकसान दिखाया था, जिससे 1.80 फीसदी (औसत 13 पैसे) प्रति यूनिट दर बढ़ी थी।
वर्तमान टैरिफ दरें और उपभोक्ता विवरण
वर्तमान दरें (प्रति यूनिट):
• 0-100 यूनिट: 4.10 रुपए
• 101-200 यूनिट: 4.20 रुपए
• 201-400 यूनिट: 5.60 रुपए
• 401-600 यूनिट: 6.60 रुपए
• 601 यूनिट से ऊपर: 8.30 रुपए
प्रदेशभर के उपभोक्ता:
• घरेलू: 48 लाख
• उच्च दाब: 4,151
• गैर-घरेलू (कमर्शियल): लगभग 5 लाख
• कृषि पम्प उपभोक्ता: लगभग 8 लाख
अंतिम फैसला जल्द ही
CSPDCL ने 7,000 करोड़ रुपए का नुकसान दिखाया है। जनसुनवाई पूरी हो चुकी है और अब आयोग बिजली कंपनी के प्रस्ताव और उपभोक्ताओं के हितों का विश्लेषण कर रहा है। नई टैरिफ दरों पर अगले सप्ताह अंतिम फैसला ले लिया जाएगा।