CG News: 31 मार्च डेडलाइन से पहले तेज हुआ सरेंडर, कांकेर में 6 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण,
CG News: कांकेर जिले में नक्सलियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला जारी है। आरकेबी डिवीजन के 5 नक्सलियों और एक महिला डीवीसीएम कैडर ने एसपी निखिल राखेचा के सामने सरेंडर किया।
लाखों का इनाम था घोषित
सरेंडर करने वाले आरकेबी डिवीजन के 5 एसीएम रैंक के नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था, जबकि महिला नक्सली स्वरूपा पर 8 लाख रुपए का इनाम था, इनमें से 3 नक्सलियों ने .303 और SLR राइफल जैसे हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। सभी लंबे समय से कांकेर और मोहला-मानपुर के जंगलों में सक्रिय थे।
पहले भी हुआ बड़ा सरेंडर
इससे पहले 25 मार्च को बस्तर में नक्सली लीडर पापाराव समेत 18 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिससे सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली थी, जानकारी के अनुसार, उत्तर बस्तर कांकेर के जंगलों में अभी भी करीब 17 नक्सली सक्रिय हैं, जिनमें डीवीसीएम चंदर और एसीएम रूपी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
पुलिस की अपील
एसपी निखिल राखेचा ने बाकी नक्सलियों से अपील की है कि वे भी हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन अपनाएं, नक्सलवाद के खात्मे के लिए तय 31 मार्च 2026 की समय सीमा अब करीब है, ऐसे में लगातार हो रहे सरेंडर इस दिशा में सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं।