CG News: बिलासपुर में युवक ने खुद को लगाई आग, CCTV में कैद घटना, हालत गंभीर
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक द्वारा खुद को आग लगाने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV में दिखी पूरी घटना
जानकारी के मुताबिक, युवक पहले पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल लेकर आया। इसके बाद वह बाइक से कुछ दूरी पर पहुंचा और सड़क किनारे रुक गया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि उसने खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली, यह मामला बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम पौशरी का बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की लपटों में दौड़ा युवक
आग लगते ही युवक घबराकर चीखता-चिल्लाता हुआ करीब 20 मीटर तक भागा। इसके बाद वह सड़क पर गिरकर लोटने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग बुझाई।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घायल युवक की पहचान मनजीत जायसवाल (28) के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 80% तक झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस कर रही जांच
इस पूरे मामले पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, युवक ने प्रारंभिक बयान में इसे हादसा बताया है, लेकिन CCTV फुटेज में वह खुद आग लगाते हुए नजर आ रहा है। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
कारण अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ऐसी घटनाएं बेहद गंभीर होती हैं। अगर आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो उसे तुरंत सहायता और परामर्श की जरूरत होती है। समय पर मदद मिलना बेहद जरूरी है।