CG News : सुकमा में पुलिस-डीआरजी की बड़ी सफलता, 2 लाख इनामी नक्सली समेत 4 गिरफ्तार
CG News : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। केरलापाल थाना क्षेत्र में पुलिस और डीआरजी (District Reserve Guard) की संयुक्त कार्रवाई में चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें जनमिलिशिया कमांडर मुचाकी देवा भी शामिल है, जिस पर राज्य शासन ने ₹2 लाख का इनाम घोषित किया था।
टिफिन बम प्लांट करने की तैयारी में थे नक्सली
पुलिस के अनुसार पकड़े गए नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने के लिए टिफिन बम प्लांट करने की तैयारी कर रहे थे। मौके से 2 टिफिन बम (प्रत्येक 5 किलो वजनी), 4 डेटोनेटर, 2 मीटर कोर्डेक्स वायर, 4 जिलेटिन रॉड, 15 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और 4 पेंसिल सेल बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
मुचाकी देवा (29 वर्ष) – जनमिलिशिया कमांडर, ₹2 लाख इनामी
मुचाकी गुड्डी उर्फ महेश (29 वर्ष)
सोड़ी हिड़मा (22 वर्ष)
सोड़ी देवा (40 वर्ष)
चारों आरोपी ग्राम गोगुंडा, थाना केरलापाल क्षेत्र के निवासी हैं और माओवादी संगठन की विभिन्न इकाइयों में सक्रिय थे।
अदालत में पेश कर भेजा गया जेल
गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। शनिवार को सभी आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नक्सल उन्मूलन अभियान तेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुकमा में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष ऑपरेशन को पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।