CG News : छत्तीसगढ़, घर के आंगन से 7 साल की मासूम बच्ची का रहस्यमय अपहरण, 3 दिन से लापता
CG News : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। लोरमी थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी गांव में शुक्रवार रात मात्र 7 साल की मासूम बच्ची महेश्वरी गोस्वामी का उसके ही घर से रहस्यमय तरीके से अपहरण कर लिया गया। बच्ची अपनी मां के साथ घर के आंगन में सो रही थी और रात करीब 2 बजे जब मां की नींद खुली, तो उसने पाया कि उसकी बेटी बिस्तर से गायब है।
रातों-रात बदला सब कुछ
बच्ची की मां पुष्पा गोस्वामी ने तुरंत परिजनों को जगाया और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की गई। पूरी रात और अगले दो दिन तक परिजन और गांववाले बच्ची को खोजते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार शनिवार को थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई गई।
परिजन का आरोप – पुलिस नहीं कर रही मदद
बच्ची के पिता जनक गिर गोस्वामी, जो लकवा से पीड़ित हैं, का कहना है कि वे पहले ही बच्ची के लापता होने से मानसिक रूप से टूट चुके हैं और अब पुलिस का रवैया उनकी पीड़ा को और बढ़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मदद करने की बजाय उल्टे-सीधे सवाल पूछ रही है और जांच में कोई सक्रियता नहीं दिखा रही।
गांव में पसरा डर और ग़ुस्सा
घटना से पूरे गांव में डर और बेचैनी का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। लोग बच्ची की तस्वीरें और जानकारी साझा कर रहे हैं और प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द बच्ची को सुरक्षित वापस लाया जाए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच का दावा
इस मामले में डीएसपी मयंक तिवारी ने जानकारी दी है कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई है, जो बच्ची की तलाश में हर संभव प्रयास कर रही है। गांव में झाड़-फूंक करने वाले एक बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
तीन दिन बाद भी लापता – सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
बच्ची के अपहरण को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। यह घटना न केवल एक मासूम की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि पुलिस और प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता की भी परीक्षा बन गई है।