CG News : राजनांदगांव रेंज के तीन जिलों को केंद्र सरकार ने नक्सल मुक्त किया घोषित
CG News : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित राजनांदगांव पुलिस रेंज के अंतर्गत आने वाले कवर्धा, खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ई और राजनांदगांव जिले को केंद्र सरकार ने नक्सल मुक्त जिला घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद अब इन इलाकों से केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती में कमी शुरू हो गई है।
यह ऐतिहासिक घोषणा ऐसे समय में आई है जब 35 वर्षों की नक्सल हिंसा की लंबी दास्तां अब थमती दिख रही है।
साल 2009 में हुए राजनांदगांव नक्सली हमले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार चौबे और 29 जवानों की शहादत ने राज्य को झकझोर कर रख दिया था।
नक्सलियों की पकड़ धीरे-धीरे कमजोर होने और लगातार हो रहे सरेंडर एवं एन्काउंटर के चलते अब इन जिलों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
आईजी दीपक कुमार झा ने दी जानकारी
राजनांदगांव रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने बताया कि भारत सरकार की पीईबी वेबसाइट पर तीनों जिलों के नक्सल मुक्त होने का उल्लेख किया गया है। हालाँकि अभी तक केंद्र से आधिकारिक पत्र नहीं मिला है, लेकिन स्थिति तेजी से बदल रही है।
अब इन जिलों को मिलने वाली नक्सल विरोधी अभियान की राशि — जो करीब 30 करोड़ रुपये सालाना थी — उसे घटाकर 10 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
विकास कार्यों में आएगी तेजी
नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद अब इन जिलों में आधारभूत संरचना,सड़क निर्माण,शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी योजनाओं में तेजी आने की पूरी संभावना है।
हालांकि सुरक्षा बलों और पुलिस की चौकसी अभी भी कायम रहेगी, क्योंकि किसी भी नक्सली गतिविधि के दोबारा सिर उठाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। आईजी दीपक कुमार झा का दावा है कि मार्च 2026 तक इस क्षेत्र को पूरी तरह नक्सलियों से मुक्त कर दिया जाएगा।