CG News: रायपुर विधानसभा में 140 करोड़ भुगतान घोटाले पर बवाल, जांच की मांग तेज
CG News: रायपुर विधानसभा में पीएम ग्राम सड़क योजना में 140 करोड़ के कथित नियम विरुद्ध भुगतान का मुद्दा उठा। विपक्ष ने सीबीआई जांच की मांग की, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विभागीय जांच की घोषणा की। 2023 में बिना बजट कार्य और भुगतान पर सवाल खड़े हुए।
विधानसभा में उठा करोड़ों के भुगतान का मामला
रायपुर में विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान पीएम ग्राम सड़क योजना में कथित अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया। विधायक जनक ध्रुव ने 140 करोड़ रुपए के नियम विरुद्ध भुगतान और 2023 में बिना बजट प्रावधान के 228 करोड़ रुपए के कार्य कराए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि किन ठेकेदारों को कितना भुगतान हुआ और किसकी अनुमति से यह राशि जारी की गई।
सरकार का जवाब: विभागीय जांच होगी
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वीकार किया कि पूर्व सरकार के दौरान जीएसटी और सिक्योरिटी डिपॉजिट से जुड़े 228 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद वित्त विभाग से अनुमति लेकर ठेकेदारों को भुगतान किया गया है। हालांकि उन्होंने इस पूरे मामले में विभागीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विपक्ष की मांग: सीबीआई जांच हो
विधायक द्वारकाधीश और देवेंद्र यादव ने मामले को गंभीर बताते हुए सीबीआई या विधानसभा समिति से निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि 200 करोड़ से अधिक का मामला है, इसलिए उच्चस्तरीय जांच जरूरी है। इस पर सरकार ने फिलहाल विशेष अधिकारी से जांच कराने और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया।