बस्तर की सांस्कृतिक छटा से जगमगाया चित्रकोट महोत्सव, अनुज शर्मा की प्रस्तुति रही आकर्षण

बस्तर की सांस्कृतिक छटा से जगमगाया चित्रकोट महोत्सव, अनुज शर्मा की प्रस्तुति रही आकर्षण

चित्रकोट जलप्रपात के तट पर आयोजित चित्रकोट महोत्सव 2026 का गुरुवार देर रात भव्य समापन हुआ। लोक और शास्त्रीय प्रस्तुतियों के साथ खेल गतिविधियों ने समापन दिवस को यादगार बना दिया। दर्शकों की भारी मौजूदगी के बीच सांस्कृतिक रंग देर रात तक बिखरते रहे।

स्कूली प्रस्तुतियों से हुई शुरुआत

अंतिम दिन का आगाज़ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों से हुआ। पदरगुड़ा माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय लोहंडीगुड़ा, एकलव्य आदर्श विद्यालय गढ़िया, पीएम श्री आश्रम शाला बड़े गुमियापाल और कन्या आश्रम अलनार के विद्यार्थियों ने नृत्य और गीतों से मंच सजा दिया।

लोक नृत्यों की गूंज

दरभा के कलाकारों ने पारंपरिक धुरवा नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि किलेपाल दल ने गौर सिंह नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। लामकेर के कलाकारों ने प्रसिद्ध गेड़ी नृत्य की प्रस्तुति दी। मांदर की थाप पर पूरा पंडाल झूमता नजर आया। मनोज नाग और उनके दल ने जनजातीय गीत-नृत्य के माध्यम से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।

लोक और शास्त्रीय कला का संगम

कार्यक्रम में ओडिशा डांस ग्रुप की प्रस्तुति और नीरज-तमन्ना के कथक ने शास्त्रीय रंग भरा। मोहम्मद अनस के पियानो वादन ने माहौल को मधुर बना दिया। लोक रंग ग्रुप, जोबिता विश्वास और कोंडागांव के ‘रंग पुरैया’ दल ने भी दर्शकों की खूब सराहना पाई।

अनुज शर्मा ने बांधा समां

समापन संध्या के मुख्य आकर्षण रहे छत्तीसगढ़ी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा। मंच पर आते ही उन्होंने अपने चर्चित गीतों से माहौल को ऊर्जावान बना दिया। उनके गीतों पर युवा से लेकर बुजुर्ग तक झूमते नजर आए और देर रात तक दर्शकों की भीड़ बनी रही।

खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने उत्साह और दमखम का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

यह भी पढ़े: CG News: रायपुर में पहली बार जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों का दो दिवसीय कॉन्क्लेव

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

panel21.com - panel21 Resources and Information.