CG News : भिलाई से शुरू होगी कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ यात्रा’, भूपेश बघेल बोले – लोकतंत्र खतरे में है
CG News : भिलाई के कोसानाला स्थित बुद्ध भूमि परिसर से 25 अप्रैल से कांग्रेस पार्टी की संविधान बचाओ यात्रा की शुरुआत होगी। इस यात्रा की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने कहा कि देश में इन दिनों संविधान को तोड़ने-मरोड़ने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और अब इसे बचाने के लिए सड़क पर उतरना जरूरी हो गया है।
विपक्ष को दबाने के लिए हो रहा एजेंसियों का दुरुपयोग
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस संविधान, अधिकारों और लोकतंत्र की बात करती है, तब केंद्र की भाजपा सरकार सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को दबाने का काम करती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ, उसी दौरान नेताओं के घरों पर ईडी और आईटी की दबिश दी गई।
पहलगाम हमले पर सरकार से जवाब मांगते हुए बोले – “27 मौतों को कब मिलेगा न्याय?”
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि यह घटना केंद्र सरकार की इंटेलिजेंस विफलता का नतीजा है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों की जान ली, लेकिन सरकार केवल धर्म की राजनीति करने में जुटी है।
संविधान के लिए कांग्रेस उतरेगी सड़कों पर
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार नहीं है, वहां विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं, इसीलिए अब कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरने जा रही है। इस यात्रा में प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, दुर्ग संभाग के कार्यकर्ता, और सैकड़ों की संख्या में समर्थक शामिल होंगे।