CG News : रायपुर में बर्थडे पार्टी से खुला सेक्स रैकेट का राज, 250+ लड़कियों का नेटवर्क बेनकाब
CG News : राजधानी रायपुर के महादेव घाट में एक बर्थडे पार्टी के दौरान हुए बवाल ने बड़ा खुलासा कर दिया है। वायरल वीडियो और पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद में शामिल कुछ युवतियां सेक्स रैकेट से जुड़ी हुई थीं। अब तक की जांच में पुलिस ने 250 से अधिक लड़कियों का नेटवर्क पकड़ा है, जिनमें से कई अश्लील वीडियो, फोटो और चैट के जरिए देह व्यापार में लिप्त पाई गई हैं।
पार्टी से बवाल और फिर गिरफ्तारी
4 जून की रात जन्मदिन की पार्टी में लड़के-लड़कियों के बीच झगड़ा हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। डीडी नगर पुलिस ने जांच शुरू की तो दो पक्ष सामने आए। पहले लड़कियों ने शिकायत की, फिर लड़कों ने वीडियो सबूत के साथ पलटवार किया।पुलिस ने जब कुछ लड़कियों के मोबाइल की जांच की तो उसमें 250 से अधिक लड़कियों का डेटा मिला जो देह व्यापार से जुड़ी थीं। वीडियो, चैट और लोकेशन डेटा के आधार पर पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि ये लड़कियां पार्टियों, फार्म हाउस और पब में “वेडिंग इवेंट” के नाम पर बुलाई जाती थीं।
राज्य भर में फैला नेटवर्क
इस रैकेट की जड़ें सिर्फ रायपुर में नहीं बल्कि दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर से लेकर बस्तर तक फैली हुई हैं। कुछ लड़कियां दिल्ली, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ-ईस्ट राज्यों से भी बुलाई जाती थीं। इन्हें आने-जाने की सुविधा, रहने के लिए फ्लैट और पार्टी स्थलों तक गाड़ियां मुहैया कराई जाती थीं।पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि इस रैकेट से कई बड़े कारोबारी और प्रभावशाली लोग जुड़े हैं। पुलिस ने अब तक 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है और पूछताछ जारी है।
सीएसपी का बयान
सीएसपी राजेश देवांगन ने कहा, “प्रारंभिक जांच में पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मोबाइल की जांच के बाद मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच और भी गहराई से की जा रही है।”