CG News : प्रोटोकॉल उल्लंघन से नाराज़ हुए विधायक, शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम बीच में छोड़कर लौटे
CG News : बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उस वक्त विवादों में आ गया जब कांग्रेस विधायक संदीप साहू कार्यक्रम के बीच में ही गुस्से में मंच छोड़कर निकल गए। कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के पालन को लेकर हुई चूक पर विधायक इस कदर नाराज़ हुए कि अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई और बिना समापन के ही वहां से चले गए।
प्रोटोकॉल उल्लंघन से नाराज़ विधायक
पूरा मामला कसडोल स्थित पीएमश्री विद्यालय में आयोजित विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां शिक्षा विभाग द्वारा शाला प्रवेशोत्सव मनाया जा रहा था। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत समारोह से हुई, लेकिन आयोजकों की ओर से विधायक से पहले सांसद प्रतिनिधियों का सम्मान कर दिया गया, जिससे प्रोटोकॉल भंग हुआ।
जैसे ही यह बात विधायक संदीप साहू को पता चली, उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ही कड़ा ऐतराज़ जताया और आयोजकों पर साफ-साफ नाराजगी जाहिर की। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासकीय आयोजनों में प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गलत संदेश देता है।
नाराज़ होकर लौटे विधायक
विधायक की नाराज़गी इस हद तक बढ़ गई कि वे कार्यक्रम को बीच में छोड़कर मंच से उतर गए और वहां से चले गए। उनके अचानक रवाना होने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों की स्थिति असहज हो गई। कई अधिकारी तो जवाब तक नहीं दे पाए कि गलती कहां और कैसे हुई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह मामला अब केवल कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा बल्कि इससे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। विधायक के इस कदम को कुछ लोग सख्त जनप्रतिनिधि की छवि के रूप में देख रहे हैं, तो कुछ इसे अनावश्यक टकराव मान रहे हैं।