CG News: छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनों के रूट में बदलाव, रेलवे ने जारी किया अलर्ट
CG News: अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के रूट में अस्थायी बदलाव किया गया है।
ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का बदला रूट
रेलवे के अनुसार 16 से 19 जुलाई 2026 तक अमृतसर से बिलासपुर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18238) अब मथुरा, बयाना, सोगरिया, रूठियाई और बीना मार्ग से होकर संचालित होगी, 20 जुलाई 2026 को हजरत निजामुद्दीन से चलने वाली समता एक्सप्रेस (12808) भी अपने सामान्य मार्ग के बजाय बदले हुए रूट से विशाखापटनम तक जाएगी। यह ट्रेन भी मथुरा, बयाना और बीना मार्ग से होकर गुजरेगी।
हीराकुंड एक्सप्रेस का रूट बदला
इसी तरह 19 जुलाई 2026 को अमृतसर से चलने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस (20808) भी नए मार्ग से होकर विशाखापटनम पहुंचेगी। यह ट्रेन भी बीना और आसपास के मार्गों से होकर संचालित होगी, रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का रूट और समय अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।