CG News: रायपुर में 29 जून को कबीर जयंती पर मांस-मटन बिक्री पर प्रतिबंध, नगर निगम का आदेश जारी
CG News: कबीर जयंती के अवसर पर 29 जून को रायपुर नगर निगम ने शहर में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत सभी मांस दुकानों और बूचड़खानों को उस दिन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निगरानी के लिए टीमों की तैनाती
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह निर्णय राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के तहत लिया गया है। पूरे शहर में जोन स्तर पर स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षकों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है, निगम ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध केवल दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी मांस-मटन की बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी।
उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
नगर निगम ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने पर मांस जब्त करने के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे, अधिकारियों के अनुसार 29 जून को पूरे शहर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा ताकि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।