CG News: ऑनलाइन निवेश के नाम पर रिटायर्ड BSP कर्मचारी से 45 लाख की ठगी, बैतूल से आरोपी गिरफ्तार
CG News: भिलाई नगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश के नाम पर 45 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और समाजसेवी सुधा मूर्ति के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर विज्ञापन दिखाया. भिलाई निवासी 61 वर्षीय रिटायर्ड BSP कर्मचारी जयंत बागची ने विज्ञापन देखकर लिंक पर रजिस्ट्रेशन किया, जिसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हुआ.
रजिस्ट्रेशन के बाद शुरू हुआ ठगी का खेल
रजिस्ट्रेशन के बाद कृतिका नाम की महिला ने खुद को निवेश प्रक्रिया से जुड़ा बताते हुए वरिष्ठ नागरिक के नाम पर 18,998 रुपये की फीस जमा कराई. इसके बाद सिद्धार्थ विपुल नाम के व्यक्ति ने अकाउंट मैनेजर बनकर संपर्क किया. उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग और विदेशों में कारोबार का झांसा दिया. आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में निवेश के नाम पर लाखों रुपये जमा कराए.
मार्जिन और टैक्स के नाम पर मांगे पैसे
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित से 17 मार्च को 1 लाख रुपये और 24 तथा 25 मार्च को 5-5 लाख रुपये जमा कराए गए. इसके बाद आरोपियों ने मार्जिन बढ़ाने के नाम पर भी रकम मांगी. 22 अप्रैल को ठगों ने दावा किया कि निवेश की पूरी रकम तैयार है, लेकिन भुगतान से पहले टैक्स जमा करना होगा. इसके लिए पीड़ित को अरुणाचल प्रदेश के एक बैंक खाते में RTGS करने को कहा गया.
शक होने पर 1930 पर की शिकायत
RTGS के लिए दूसरे राज्य का बैंक खाता बताए जाने के बाद पीड़ित को ठगी का शक हुआ. इसके बाद उन्होंने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक को भी सूचना दी. शिकायत के आधार पर भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों से जुड़े सुराग जुटाए और साइबर ठगी के नेटवर्क की पड़ताल शुरू की.
बैतूल से 24 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच के आधार पर टीम मध्यप्रदेश के बैतूल पहुंची, जहां से 24 वर्षीय विशाल नागले को गिरफ्तार किया गया. मामले में BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की रकम कहां-कहां ट्रांसफर हुई और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में पूर्व महिला नक्सलियों का रैंप वॉक, कोसा साड़ी में दिखा आत्मविश्वास