CG News : कांकेर में गर्भवती महिला को 4 किमी कीचड़ में पैदल चलना पड़ा, एंबुलेंस दूर
CG News : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंडरीपानी की गर्भवती महिला सुनीता कोमरा को इलाज के लिए करीब 4 किलोमीटर तक कीचड़ भरे खराब रास्ते पर पैदल चलना पड़ा। परतापुर पहुंचने के बाद ही उसे एंबुलेंस मिल सकी, जो उसे पखांजूर सिविल अस्पताल ले गई।
सड़क की हालत बेहद खराब, बाइक तक नहीं चलती
पंडरीपानी से गुमड़ीपारा तक की सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। कीचड़ और गड्ढों से भरे इस रास्ते पर बाइक और कार भी नहीं चल सकती। महिला के साथ परिवार की अन्य चार महिलाएं थीं, जिन्होंने मिलकर उसे किसी तरह आगे पहुंचाया।
सरपंच-सचिव पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग
ग्राम पटेल देवनिधि नरवास ने बताया कि गांव की इस समस्या को कई बार सरपंच और सचिव के संज्ञान में लाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने पंचायत को मिली सरकारी निधि की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
100 की आबादी नहीं होने से सड़क नहीं बनी
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी जागेश्वर ध्रुव के अनुसार, पहले 500 और अब 100 की जनसंख्या वाले गांवों में ही सड़क बनाई जा रही है। पंडरीपानी में 100 लोगों की आबादी नहीं होने के कारण सड़क निर्माण नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने इस तर्क पर भी सवाल उठाते हुए बुनियादी सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था की मांग की है।