CG News: नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, शासन ने दिए निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू की जा रही है, इसे लेकर रायगढ़ जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं, इस बार अवैध धान खरीदी और धान तस्करी को रोकने के लिए काफी तैयारियां की गई हैं.
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
शासन के निर्देशानुसार, जिले में एमएसपी मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर 2025 से शुरू की जा रही है, यह प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी, पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी किसानों से धान खरीदी की अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है, इस वर्ष जिले में 69 समितियों में 105 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी जाएगी.
जिले में इस बार अवैध धान खरीदी और अंतरराज्यीय धान तस्करी पर रोक लगानी लिए जिले में 10 इन्टरस्टेट बॉर्डर चेकपोस्ट बनाए गए हैं और मंडी अधिकारियों द्वारा कोचियों और बिचौलियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी, यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी का पता चलता है, तो गड़बड़ी करने वाले व्यक्ति पर सख्त क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.