CG news : अब पुलिस भी नहीं बच पाएगी! जशपुर में 12 पुलिसकर्मियों का कटा चालान, SSP की सख्त चेतावनी
CG news : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर में अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, चाहे वे आम नागरिक हों या खुद पुलिसकर्मी। इसी सख्ती के तहत जिले की पुलिस ने 12 पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।इन सभी पुलिसकर्मियों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाया, जिससे यातायात नियमों की अनदेखी हुई। पुलिस प्रशासन ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए इन पर चालान ठोका और एक कड़ा संदेश दिया है—”कानून सबके लिए बराबर है।”
कुल 45 मामलों में ₹19,600 वसूला गया
पुलिस विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कुल 45 प्रकरणों में ₹19,600 का समन शुल्क वसूला गया है। इसमें आम नागरिकों के साथ-साथ खुद पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हैं।
SSP की अपील: “आपका जीवन अनमोल है”
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने आम जनता से अपील की है कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा—”आपका जीवन आपके परिवार के लिए बेहद कीमती है। सड़क सुरक्षा में कोई लापरवाही न बरतें।”