CG News: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू, इस साल हुई सामान्य से 5% ज्यादा बारिश
CG News: छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मौसम विभाग के अनुसार 3 अक्टूबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है. अगले 2 से 3 दिनों में राज्य के कई अन्य इलाकों से भी मानसून पूरी तरह वापस लौट जाएगा. बारिश थमने के बाद अब प्रदेश भर में हल्की गर्मी और उमस का असर देखा जा रहा है.
इस सीजन हुई सामान्य से 5% अधिक बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन की औसत बारिश 1141.2 मिमी मानी जाती है, जबकि इस बार कुल 1194.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इस प्रकार पूरे सीजन में सामान्य से लगभग 5% अधिक वर्षा हुई है. शुरुआत में भले ही मानसून धीमा रहा, लेकिन जुलाई और सितंबर के महीनों में हुई भारी बारिश ने आंकड़े को सरप्लस बना दिया.
9 जिलों में अतिवृष्टि
प्रदेश के 33 जिलों में से 9 जिलों—रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, बालोद, नारायणपुर, मुंगेली, बलौदाबाजार, बलरामपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई. इसके विपरीत सरगुजा में सामान्य से 41% कम बारिश हुई, जबकि जशपुर और बेमेतरा जिलों में 36% कम वर्षा दर्ज की गई. बाकी जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य रहा.
दो बार बने बाढ़ के हालात
मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में दो बार भारी बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई. पहली बार 31 जुलाई और दूसरी बार सितंबर के अंतिम सप्ताह में हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हुआ. निचले इलाकों में कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने और हजारों एकड़ फसल को नुकसान पहुंचने पर NDRF और SDRF की टीमों को राहत कार्य में तैनात करना पड़ा था.
कोरबा रहा सबसे गर्म
मानसून की वापसी के बाद अब प्रदेश भर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है और किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. बीते 24 घंटों में कोरबा 34.6°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6°C दर्ज किया गया. राजधानी रायपुर में तापमान 34°C के आसपास रहने का अनुमान है.