CG News: छत्तीसगढ़ को बड़ा झटका: NMC ने 5 नए मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी प्रक्रिया पर लगाई रोक
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित पांच नए मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत को बड़ा झटका लगा है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने इन कॉलेजों को मंजूरी देने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। इसके चलते चालू शैक्षणिक सत्र में इन मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की संभावना समाप्त हो गई है।
NMC ने तैयारियों पर जताई आपत्ति
सूत्रों के अनुसार एनएमसी ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर आपत्तियां दर्ज की हैं। विशेष रूप से मनेंद्रगढ़ में अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भवन की पर्याप्त व्यवस्था के बिना कॉलेज शुरू करने की तैयारी पर सवाल उठाए गए हैं, राज्य सरकार ने जिन पांच स्थानों पर नए मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना बनाई थी, उनमें मनेंद्रगढ़, कवर्धा, गीदम, जांजगीर और कुनकुरी शामिल हैं। इन कॉलेजों के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक संसाधनों और अधोसंरचना की तैयारी कर प्रस्ताव भेजना था।
स्वास्थ्य विभाग की तैयारी पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि कई स्थानों पर जरूरी सुविधाएं और संसाधन पूरी तरह विकसित होने से पहले ही प्रस्ताव एनएमसी को भेज दिए गए। आयोग ने निरीक्षण और दस्तावेजों की समीक्षा के दौरान इन कमियों पर आपत्ति जताई है, इस फैसले का सीधा असर उन छात्रों पर पड़ेगा जो नए मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की उम्मीद लगाए बैठे थे। नए कॉलेज खुलने से राज्य में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना थी, लेकिन फिलहाल यह योजना आगे खिसकती नजर आ रही है।
अब क्या करेगी सरकार?
एनएमसी की आपत्तियों को दूर करने के बाद राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग को दोबारा मंजूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए अस्पतालों, भवनों, फैकल्टी और अन्य आवश्यक संसाधनों से जुड़ी कमियों को जल्द पूरा करना होगा।
स्वास्थ्य शिक्षा विस्तार को लगा झटका
राज्य सरकार मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए नए मेडिकल कॉलेजों पर जोर दे रही थी। हालांकि एनएमसी की रोक के बाद इन परियोजनाओं के भविष्य को लेकर फिलहाल अनिश्चितता का माहौल बन गया है।