CG News: छत्तीसगढ़ SET 2026 का नोटिफिकेशन जारी, 11 नए विषय जुड़े और आवेदन प्रक्रिया शुरू
CG News: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा CG SET 2026 की अधिसूचना जारी कर दी है. इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, इस बार परीक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है. विषयों की संख्या 19 से बढ़ाकर 30 कर दी गई है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों के लिए अवसर बढ़ गए हैं.
11 नए विषयों को किया गया शामिल
CG SET 2026 में इस बार 11 नए विषय जोड़े गए हैं. इनमें मानवशास्त्र, संगीत, कला मंच नृत्य, नाटक एवं थियेटर, फाइन आर्ट एवं मूर्तिकला, योग, लोक प्रशासन, रक्षा एवं सामरिक अध्ययन, दर्शनशास्त्र, प्रबंधन, जनसंचार एवं पत्रकारिता तथा पृथ्वी, वायुमंडलीय, महासागरीय एवं ग्रहीय विज्ञान शामिल हैं, इन विषयों के जुड़ने से संबंधित विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले युवाओं को राज्य पात्रता परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा.
17 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन
अभ्यर्थी CG SET 2026 के लिए 17 अगस्त शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन पत्र में किसी प्रकार की गलती होने पर 18 अगस्त से 20 अगस्त तक सुधार का अवसर दिया जाएगा, अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है, CG SET 2026 परीक्षा का आयोजन 4 अक्टूबर रविवार को प्रदेश के 10 जिला मुख्यालयों में किया जाएगा. परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, पहला प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे से 11 बजकर 15 मिनट तक और दूसरा प्रश्नपत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजकर 15 मिनट तक होगा.
30 विषयों में होगी परीक्षा
इस बार CG SET में हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास, भूगोल, भौतिकी, गणितीय विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवन विज्ञान, कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन, वाणिज्य, विधि, संस्कृत, मनोविज्ञान, ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान, शारीरिक शिक्षा और गृह विज्ञान सहित कुल 30 विषय शामिल किए गए हैं, नए विषयों के शामिल होने से उच्च शिक्षा क्षेत्र में करियर बनाने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर मिलेंगे.
सहायक प्राध्यापक बनने के लिए जरूरी परीक्षा
छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा यानी CG SET राज्य स्तरीय पात्रता परीक्षा है. इसका आयोजन विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक पात्रता निर्धारित करने के लिए किया जाता है, SET परीक्षा पास करना सीधे नौकरी की गारंटी नहीं देता, लेकिन सहायक प्राध्यापक भर्ती के लिए यह एक महत्वपूर्ण योग्यता मानी जाती है.