CG News: महतारी वंदन योजना का फिर खुल सकता है पोर्टल, नए वर्गों को जोड़ने की तैयारी
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की तैयारी चल रही है. योजना से अब तक किसी कारणवश बाहर रह गई पात्र महिलाओं को मौका देने के लिए सरकार दोबारा पोर्टल खोलने पर विचार कर रही है. इसके साथ ही योजना में कुछ नए वर्गों को शामिल करने की संभावनाओं पर भी विभागीय स्तर पर मंथन किया जा रहा है.
दिव्यांग और ट्रांसजेंडर महिलाओं पर विचार
जानकारी के मुताबिक दिव्यांग महिलाओं, कुछ श्रेणी की अविवाहित युवतियों और ट्रांसजेंडर महिलाओं को योजना में शामिल करने का प्रस्ताव विचाराधीन है. हालांकि, इन वर्गों को पात्रता देने से पहले सरकार उनकी आयु सीमा, पात्रता और अन्य जरूरी शर्तों को तय करेगी. अंतिम फैसला सभी आवश्यक पहलुओं की समीक्षा के बाद लिया जाएगा.
नए वर्गों का जुटाया जा रहा डेटा
योजना के संभावित विस्तार को लेकर संबंधित विभागों से जरूरी आंकड़े मंगाए जा रहे हैं. इनमें दिव्यांग और ट्रांसजेंडर महिलाओं की अनुमानित संख्या, अलग-अलग आयु वर्ग और अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल हैं. इस डेटा के आधार पर सरकार यह आकलन करेगी कि नए हितग्राहियों की संख्या कितनी हो सकती है और योजना का दायरा बढ़ने पर अतिरिक्त वित्तीय भार कितना आएगा.
पोर्टल खुला तो फिर मिलेगा आवेदन का मौका
यदि सरकार पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लेती है, तो पहले योजना से वंचित रह गई पात्र महिलाओं को आवेदन का एक और अवसर मिल सकता है. नए आवेदनों के साथ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा. वहीं अविवाहित युवतियों के लिए किन श्रेणियों को योजना में शामिल किया जाएगा, इसकी स्पष्ट शर्तें भी सरकार तय कर सकती है.
हर महीने करीब 700 करोड़ का खर्च
महतारी वंदन योजना के तहत वर्तमान में पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. इस योजना पर सरकार का करीब 700 करोड़ रुपये मासिक खर्च बताया जा रहा है. नए वर्गों को जोड़ने से पहले अतिरिक्त खर्च का आकलन किया जाएगा. विभागीय आंकड़े और प्रस्ताव तैयार होने के बाद योजना के विस्तार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. फिलहाल सरकार का फोकस वास्तविक रूप से पात्र और अब तक योजना से छूटे हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाने पर है.
यह भी पढ़ें : CG News: ऑनलाइन अटेंडेंस के खिलाफ टीचर ने बनाया वीडियो, DEO ने जांच के बाद कार्रवाई की कही बात