CG News: छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत! कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
CG News: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरगुजा से लेकर बस्तर संभाग तक कई जिलों में झमाझम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
कई जिलों में तेज बारिश और आंधी
शनिवार को बिलासपुर, गरियाबंद, धमतरी, मुंगेली समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
तापमान में आई गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। मौसम में आए बदलाव से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म शहर
बारिश के बावजूद राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर के लालपुर में 37.8 डिग्री, बिलासपुर में 38 डिग्री, पेंड्रा रोड में 35.8 डिग्री, अंबिकापुर में 35.1 डिग्री, जगदलपुर में 31.7 डिग्री और दुर्ग में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बस्तर और सरगुजा के लिए यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बस्तर और सरगुजा संभाग के कई जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मानसून की एंट्री के लिए अनुकूल परिस्थितियां
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी प्रवेश कर सकता है। ऐसे में प्रदेशवासियों को जल्द ही मानसूनी बारिश का इंतजार खत्म होने की उम्मीद है।