CG News: छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी
CG News: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ स्थानों पर अति भारी और एक-दो जगह बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने के साथ अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के पास बना लो-प्रेशर एरिया अब डिप्रेशन में बदल गया है.
रायपुर में भी बारिश और गरज-चमक के आसार
मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. राजधानी रायपुर में 14 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ दौर में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में सक्रिय शियर जोन भी बादल बनने और बारिश की गतिविधियों को बढ़ाने में भूमिका निभा सकता है.
प्रदेश में अब तक सामान्य के करीब बारिश
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 13 अगस्त तक 668.8 मिलीमीटर यानी करीब 26.3 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है. इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 मिलीमीटर यानी 28.9 इंच होनी चाहिए थी. इस तरह प्रदेश में अब तक 65.6 मिलीमीटर बारिश कम हुई है और कमी करीब 9 प्रतिशत है. हालांकि मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की कुल बारिश अभी सामान्य श्रेणी में बनी हुई है. नारायणपुर में सबसे ज्यादा 1043.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है.
कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा, कई जगह कमी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 59 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जबकि नारायणपुर में यह आंकड़ा 34 प्रतिशत है. मुंगेली में 32 प्रतिशत, बलौदाबाजार में 28 प्रतिशत, महासमुंद में 26 प्रतिशत और जांजगीर में 24 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज हुई है. दूसरी ओर सरगुजा में सामान्य से 51 प्रतिशत कम बारिश हुई है. जशपुर में 45 प्रतिशत, बेमेतरा में 40 प्रतिशत और कांकेर में 35 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. आने वाले दिनों की बारिश से इन आंकड़ों में बदलाव संभव है.
रायपुर में सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक बारिश
राजधानी रायपुर में 13 अगस्त तक 727.8 मिलीमीटर यानी 28.7 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य बारिश 641.9 मिलीमीटर यानी 25.3 इंच है. इस तरह रायपुर में सामान्य से 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है. प्रदेश के 33 जिलों में 20 जिले सामान्य बारिश की स्थिति में हैं, जबकि 6 जिलों में सामान्य से अधिक और 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है. अगले 48 घंटे में भारी बारिश को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.