CG News: रायपुर में 2 करोड़ का विदेशी सोना जब्त, दुरंतो एक्सप्रेस से 1.242 किलो गोल्ड बरामद
CG News: स्वतंत्रता दिवस को लेकर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है. इसी बीच गुरुवार को रायपुर और नागपुर रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच की टीम ने DRI के साथ संयुक्त कार्रवाई की. हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के बी-12 कोच की तलाशी के दौरान 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई. कुल 1.242 किलो सोने की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई गई है. मामले में महाराष्ट्र निवासी सुरेश कुमार और धैर्यशील को गिरफ्तार किया गया है.
छत्तीसगढ़ में पहले भी सामने आए तस्करी के मामले
जांच एजेंसियों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब छत्तीसगढ़ में विदेशी सोने की तस्करी का मामला सामने आया हो. वर्ष 2016 में रायपुर में DRI का जोनल कार्यालय शुरू होने के बाद से अब तक करीब 37 किलो सोना और 5 हजार किलो से ज्यादा चांदी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है. पिछले छह वर्षों में 25 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. तस्करी के दौरान सोना बेल्ट, बैग, टिफिन, तकिए और अन्य सामान में छिपाकर ले जाने के मामले सामने आए हैं.
कोलकाता से छत्तीसगढ़ तक फैला नेटवर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार तस्करी का सोना बांग्लादेश और म्यांमार से कोलकाता पहुंचने के बाद सड़क और रेल मार्ग से छत्तीसगढ़ सहित दूसरे राज्यों तक भेजा जाता है. रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव इस नेटवर्क के प्रमुख केंद्र बताए जाते हैं. यहां से सोना मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक पहुंचाने का आरोप है. नेटवर्क में सरगना, सप्लायर, पैडलर और स्थानीय खरीदार अलग-अलग भूमिका निभाते हैं, जिससे पूरे गिरोह को पकड़ना चुनौतीपूर्ण रहता है.
तस्करी के लिए अपनाए जाते हैं नए तरीके
जांच में सामने आया है कि तस्कर सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए लगातार तरीके बदलते रहे हैं. कई मामलों में सोने को बेल्ट, बैग, कमरबंद, टिफिन और अंडरगारमेंट में छिपाकर ले जाने की कोशिश की गई. रेल और सड़क मार्ग का इस्तेमाल भी बड़े पैमाने पर किया जाता रहा है. बिना बिल और वैध दस्तावेज के सोना बाजार में पहुंचने से सरकार को सीमा शुल्क और जीएसटी राजस्व का नुकसान होता है. इससे वैध कारोबार पर भी असर पड़ता है.
ED की कार्रवाई और संपत्तियों पर भी शिकंजा
सोना तस्करी से जुड़े मामलों में DRI के अलावा प्रवर्तन निदेशालय भी जांच और कार्रवाई कर चुका है. जांच एजेंसियों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में सक्रिय कथित गोल्ड तस्करी नेटवर्क से जुड़े कारोबारियों की संपत्तियों को भी अटैच किया गया है. ED की कार्रवाई में अब तक करीब 64 करोड़ 14 लाख रुपए की संपत्तियां जब्त या अटैच किए जाने की जानकारी दी गई है. वहीं DRI की ओर से तस्करी की विश्वसनीय सूचना देने वालों के लिए इनाम का प्रावधान भी है. मामले की जांच एजेंसियां आगे बढ़ा रही हैं.