CG News: छत्तीसगढ़ में तेजी से फैल रहा H1N1, रायपुर में सबसे ज्यादा मरीज
CG News: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार पैर पसार रहा है. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में H1N1 के 7 नए मामले सामने आए हैं. नए मरीज मिलने के बाद राज्य में स्वाइन फ्लू से संक्रमित लोगों की संख्या अब करीब 170 तक पहुंच गई है. सबसे ज्यादा मामले राजधानी रायपुर में सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है.
रायपुर में 73 मरीज, 19 जिलों तक पहुंचा संक्रमण
रायपुर जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 73 मरीज मिल चुके हैं. वहीं प्रदेश के 19 जिले इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं. मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ अस्पतालों में भी तैयारियां तेज की जा रही हैं. जिला अस्पतालों में आइसोलेशन की व्यवस्था और बेड बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. बिलासपुर में संक्रमित मरीजों की संख्या 13 और सरगुजा में 3 हो गई है.
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी है, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है. छोटे बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं संक्रमण की स्थिति में ज्यादा जोखिम वाले वर्ग में माने जा रहे हैं. विभाग ने अपील की है कि इन लोगों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय जांच कराएं.
अस्पतालों को तत्काल जानकारी देने के निर्देश
संक्रमण की निगरानी और रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को निर्देश जारी किए हैं. किसी भी अस्पताल में H1N1 संक्रमित मरीज मिलने पर इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी. अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. साथ ही लोगों से बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम जैसे लक्षणों को सामान्य बीमारी मानकर इलाज टालने से बचने को कहा गया है.
सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू में बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. यदि बुखार और खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी बढ़ रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है. H1N1 संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के जरिए फैल सकता है. इसलिए भीड़भाड़ और बंद स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें : CG News: CGPSC और DMF घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, उत्कर्ष चंद्राकर और सतपाल छाबड़ा गिरफ्तार