CG News: नारायणपुर में तोते को उतारने के लिए फायर ब्रिगेड का इस्तेमाल, पानी की बर्बादी पर उठे सवाल
CG News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर से एक अजीब मामला सामने आया है, जहां एक पालतू तोते को पेड़ से नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। इस दौरान हजारों लीटर पानी की बौछारें की गईं, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पेड़ पर बैठा रहा तोता
जानकारी के मुताबिक, ओबीसी बॉयज हॉस्टल के पास एक तोता पेड़ पर जा बैठा और काफी देर तक नीचे नहीं उतरा। स्थानीय लोगों ने उसे नीचे लाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।
पानी की तेज बौछारों से उतारा गया तोता
फायर ब्रिगेड की टीम ने पाइप के जरिए पेड़ पर बैठे तोते पर लगातार पानी की बौछारें डालीं। कड़ी मशक्कत के बाद तोता नीचे उतरा, लेकिन इस प्रक्रिया में बड़ी मात्रा में पानी खर्च हो गया।
पानी की बर्बादी पर लोगों का गुस्सा
भीषण गर्मी और पानी की कमी के बीच इस तरह हजारों लीटर पानी बहाने पर लोगों ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का उपयोग इस तरह के कार्यों में नहीं किया जाना चाहिए।
तोता किसका था, अब भी रहस्य
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तोता किसका था। हालांकि, मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है, यह घटना सरकारी संसाधनों के उपयोग और प्राथमिकताओं को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।