CG News: छत्तीसगढ़ में किसानों का हल्लाबोल, कवर्धा में चक्काजाम और 12 सूत्रीय मांगें
CG News: भारतीय किसान संघ के आह्वान पर गुरुवार को छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर उग्र प्रदर्शन किया, कवर्धा जिले में किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टरों के साथ विशाल रैली निकाली और प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर चक्काजाम कर दिया, प्रदर्शन के कारण आम लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, हालाँकि एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को रास्ता दिया गया.
12 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद किसानों ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, किसान संघ ने मांग की है कि वर्ष 2022-23 की धान खरीदी की लंबित 1700 करोड़ रुपये की बकाया राशि का तत्काल भुगतान किया जाए, इसके अलावा धान की खरीदी 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने, 15 नवंबर से 15 फरवरी तक खरीदी अवधि तय करने और फल-सब्जी उत्पादकों को भी कृषक उन्नति योजना में शामिल करने की मांग रखी गई है.
धान कटाई, टोकन व्यवस्था और बाढ़ मुआवजे की मांग
किसानों ने धान खरीदी केंद्रों में होने वाली अतिरिक्त वजन कटौती पर कड़ा आक्रोश जताते हुए प्रति बोरी अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम लेने की मांग की है, इसके साथ ही हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा और बाढ़ से प्रभावित फसलों का खेत-खेत जाकर त्वरित सर्वे कराने और उचित मुआवजा देने की बात कही गई है, संघ ने बाजार में रासायनिक खाद की कालाबाजारी रोकने और निर्धारित दरों पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग की है.
किसानों के हित में आवाज
भारतीय किसान संघ ने अरपा-भैंसाझार सहित प्रदेश की वर्षों से अधूरी पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का मुद्दा उठाया, संघ ने गन्ने के समर्थन मूल्य में 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने और रबी सीजन में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मक्का तथा गेहूं की भी समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की है, साथ ही भूमि अधिग्रहण मामलों में किसानों के अधिकारों से समझौता न करने की चेतावनी दी है.
मांगें न मानने पर होगा उग्र आंदोलन
किसान नेताओं ने स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है, लेकिन आज यहाँ का किसान अपनी ही उपज के वाजिब हक और संसाधनों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर है, संघ ने मुख्यमंत्री से 12 सूत्रीय मांगों पर तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर समयबद्ध निर्णय लेने की अपील की है, किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेश के गांव-गांव से किसानों को संगठित कर सरकार के खिलाफ निर्णायक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा.
One thought on “CG News: छत्तीसगढ़ में किसानों का हल्लाबोल, कवर्धा में चक्काजाम और 12 सूत्रीय मांगें”